न्यूज़ डेस्क -15 मार्च 2026 : आज भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा असम सहित देश के अन्य चार राज्यों के विधानसभा चुनावों की तिथि की औपचारिक रूप से घोषणा की गई जिनमें पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु तथा पुडुचेरी भी शामिल है। 16 मार्च को चुनाव संबंधित अधिसूचना जारी की जाएगी तथा उसी के साथ चुनाव आचार संहिता लागू हो जाएगी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 23मार्च होगी वहीं 24मार्च को मतपत्रों की जांच की जाएगी।
नामांकन पत्र 26मार्च तक वापस लिए जा सकेंगे। 9 अप्रैल को मतदान होगा वहीं,मतगणना 4मई को की जाएगी। 9अप्रेल को होने वाले विधानसभा चुनावों में इस बार असम में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 31,486 होगी जिनमें ग्रामीण क्षेत्र में 27,711 तथा शहरी मतदान केंद्रों की संख्या 3,775 रहेगी। इस बार के चुनावों में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए राज्य के 3,716 मतदान केंद्र पूरी तरह से महिला कार्मिकों द्वारा संचालित किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग द्वारा दी गई जानकारी अनुसार मतदान केंद्रों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था के साथ ही दिव्यांग मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इस बात का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। सभी प्रकार की चुनावी प्रक्रिया 6 मई तक पूरी करनी होगी।


